उत्तरायणी मेले का रंगारंग समापन, लोकसंस्कृति की छटा से सजा आखिरी दिन
उत्तरायणी मेले का रंगारंग समापन, लोकसंस्कृति की छटा से सजा आखिरी दिन
लोक गायन-नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भारी भीड़ के बीच देर रात तक चला कार्यक्रम
बरेली। गुरुवार को उत्तरायणी मेले के अंतिम दिन सांस्कृतिक रंगों की भव्य छटा देखने को मिली। मेले का औपचारिक उद्घाटन जे.सी. त्रिपाठी (आईडीएएस) ने दीप प्रज्वलित कर किया। उनके साथ अध्यक्ष अमित पंत, महामंत्री मनोज पांडेय, कोषाध्यक्ष कमलेश बिष्ट, रमेश शर्मा, पी.सी. पाठक, तारा जोशी, रामेश्वर पांडेय और डॉ. अनिल बिष्ट मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद सुभाषनगर स्थित जय दूना गिरी लोक कला मंच, बदायूं रोड की ओर से मंत्रोच्चार के साथ सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर आनंद रतूड़ी ने मंच संचालन कर रहे बाल साहित्यकार ललित शौर्य को सम्मानित किया। संध्या कालीन सत्र का उद्घाटन पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र/गोवा भगत सिंह कोश्यारी एवं ब्रिगेडियर शशांक बहुगुणा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पूरन दानू, ललित शौर्य, मुकुल भट्ट, जगदीश सती, विनोद जोशी और चंदन नेगी भी मंच पर उपस्थित रहे। रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत नव हिमालय लोक कला संस्कृति अल्मोड़ा से गोकुल बिष्ट की टीम द्वारा झोड़ा-छपेली नृत्य से हुई। वहीं थारू समाज की ओर से बंटी राणा की टीम ने भी शानदार प्रस्तुति दी। सुप्रसिद्ध लोक गायिका माया उपाध्याय ने “हाय ककरी झील मा” और “क्रीम पाउडर घोसनी किला” जैसे गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सुपरस्टार किशन महिपाल के मंच पर आते ही माहौल और भी जोशीला हो गया। जीवन राम की छोलिया टीम की प्रस्तुति ने पूरे मैदान में ऊर्जा भर दी। दोपहर बाद दर्शकों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई। देर रात तक स्टालों पर भारी भीड़ रही, खासकर बद्री घी, तिवारी स्वीट, लोहाघाट ग्रोथ सेंटर और फूड प्लाजा पर।समापन संबोधन में अध्यक्ष अमित पंत ने मेले से जुड़े पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, कलाकारों, स्टाल धारकों, प्रशासन, मीडिया और शहरवासियों का आभार जताते हुए वर्ष 2027 में फिर मिलने का वादा किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में दिनेश, रामू, पूरन मेहरा, कैलाश उपाध्याय, प्रकाश पाठक, ब्रजेश मिश्रा और जीवन मेहरा का विशेष योगदान रहा।