बरेली में बिजली विभाग में बड़ा घोटाला, 144 बिलों में करोड़ों की हेराफेरी की आशंका उच्च स्तरीय जांच शुरू
बरेली में बिजली विभाग में बड़ा घोटाला, 144 बिलों में करोड़ों की हेराफेरी की आशंका
बिल संशोधन के नाम पर रकम घटाने का खेल उजागर, उच्च स्तरीय जांच शुरू
बरेली। बिजली विभाग में कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से 144 बिजली बिलों में बिल संशोधन के नाम पर भारी रकम घटाने का मामला सामने आया है। यह खेल लंबे समय से चल रहा था, लेकिन करीब दो माह पहले इसका खुलासा हुआ। तब तक विभाग को करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मामला उजागर होते ही विभाग में हड़कंप मच गया।
चीफ इंजीनियर, बरेली जोन प्रथम ज्ञान प्रकाश ने पूरे प्रकरण की विस्तृत गोपनीय रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी। इसके बाद मध्यांचल मुख्यालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दी। जांच समिति के अध्यक्ष नरेश कुमार के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम बुधवार पूर्वाह्न बरेली पहुंची और रामपुर बाग स्थित विभागीय कार्यालयों में जांच शुरू की। देर शाम तक गोपनीय तरीके से जांच चलती रही। शुरुआती जांच में ही कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने की बात कही जा रही है, जिससे विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जांच टीम ने वर्ष 2018 से अब तक तैनात रहे अधिशासी अभियंताओं, लेखाकारों और कार्यकारी सहायकों से जुड़े अभिलेख, बिल रिवीजन डेटा और फाइलें जुटाईं। जांच के दौरान शहर में वर्टिकल व्यवस्था लागू होने के समय तत्कालीन तृतीय वितरण खंड में तैनात रहे दो अधिशासी अभियंता अनुज गुप्ता और सुरेंद्र गौतम पर बिल रिवीजन के नाम पर बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं। इस पूरे खेल में विभागीय कर्मचारियों की संलिप्तता भी बताई जा रही है।
तत्कालीन अधीक्षण अभियंता नगर ब्रह्मपाल ने 144 मामलों में 67 लाख 2 हजार 408 रुपये की राशि घटाए जाने का मामला पहले ही पकड़ लिया था। उन्होंने इसकी विस्तृत जांच की संस्तुति मुख्य अभियंता के माध्यम से मुख्यालय को भेजी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्यांचल मुख्यालय ने दोनों अभियंताओं को चार्जशीट जारी करने के साथ ही चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित की। कमेटी में मुख्य अभियंता नरेश कुमार (अध्यक्ष), अधिशासी अभियंता कामर्शियल मन्नू सिंह, अधिशासी अभियंता आईटी रंजीत कुमार और लेखाधिकारी सूरज कुमार को सदस्य बनाया गया है। जांच कमेटी के सख्त रुख से पूरे बिजली विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। सभी कार्यालयों में सिर्फ जांच और संभावित कार्रवाई की चर्चा है। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, घोटाले के दायरे के और बड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।