भाई रणधीर सिंह के जन्म दिवस पर अखंड कीर्तनी जत्थे ने किया श्रद्धा से स्मरण
भाई रणधीर सिंह के जन्म दिवस पर अखंड कीर्तनी जत्थे ने किया श्रद्धा से स्मरण
कीर्तन दरबार का आयोजन, सिख धर्म के प्रचार में उनके योगदान को किया गया याद
बरेली। अखंड कीर्तनी जत्थे द्वारा जत्थे के संस्थापक, सिख संत व स्वतंत्रता सेनानी भाई रणधीर सिंह के जन्म दिवस पर सोमवार को श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया। इस अवसर पर स्थानीय गुरुद्वारा जनकपुरी साहिब में विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने भाग लिया। कार्यक्रम में भाई रणधीर सिंह के जीवन, उनके बलिदान और सिख धर्म में किए गए योगदान को याद करते हुए गुरु की वाणी का गायन किया गया।
भाई रणधीर सिंह का जन्म 7 जुलाई 1878 को पंजाब के लुधियाना जिले के नारंगवाल गांव में हुआ था। वे एक जाट सिख परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता नत्था सिंह नाभा राज्य में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश थे, जबकि माता पंजाब कौर, गुरु अर्जन देव जी की मंडली के प्रतिष्ठित सिख भाई भगतू की सातवीं पीढ़ी की वंशज थीं। उन्होंने नाभा और लाहौर से शिक्षा प्राप्त की थी। रणधीर सिंह ने 1914 में ब्रिटिश सरकार द्वारा रकाबगंज गुरुद्वारा की दीवार गिराए जाने के विरोध में सिखों का नेतृत्व किया था। इस आंदोलन के चलते उन पर ब्रिटिश क्राउन के खिलाफ युद्ध छेड़ने का आरोप लगा और उन्हें 1914 से 1931 तक आजीवन कारावास की सजा भुगतनी पड़ी। 20वीं सदी की शुरुआत में भाई रणधीर सिंह ने "अखंड कीर्तनी जत्था" की स्थापना की, जिसका उद्देश्य गुरबाणी के प्रचार-प्रसार, कीर्तन के माध्यम से खालसा पंथ को सक्रिय करना और सिख मर्यादा का पालन करना था। उन्होंने धार्मिक लेखन और कीर्तन कार्यक्रमों के जरिए सिख धर्म को नई दिशा दी। जत्थे के सदस्यों ने गुरबाणी का अध्ययन कर सिख परिवारों में पाठ और कीर्तन को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन अरदास और गुरु का अटूट लंगर वितरित कर किया गया।