शादी के 10 दिन बाद ही महिला ने दिया बच्ची को जन्म, मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पर शादी के महज़ 10 दिनों के बाद ही एक नवविवाहिता ने बच्चे को जन्म दे दिया। इसके बाद जैसे ही जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया और फिर पति व उसके ससुराल वालों ने उसे अपनाने से इंकार कर दिया।
वहीं इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने गैंगरेप के साथ एससी-एसटी एक्ट के मुकदमा दर्ज किया है, साथ ही पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी कर रही है।
ये पूरा मामला कानपुर देहात के थाना रूरा क्षेत्र का है, यहां के एक ग्रामीण इलाके की दलित युवती की शादी बीती 15 मई 2023 को भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव में हुई थी। शादी के बाद जब नवविवाहिता चौथी पर अपने मायके वापस लौटी तो 25 मई 2023 को उसके पेट में तेज दर्द उठा, इसके बाद घरवालों ने उसे फौरन अकबरपुर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया दिया, यहां प्रसव पीड़ा के बाद उसने 26 मई को एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन बच्ची काफी कमजोर थी जिस वजह से जन्म लेने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गयी। पूरे मामले की सूचना जैसे ही नवविवाहिता के पति और ससुरालियों को मिली तो उन्होंने उसे अपनाने से मना कर दिया।
मामले की खबर धीरे धीरे पूरे इलाके में फैल गयी, इसके बाद 6 जून 2023 को पीड़िता ने थाने में शिकायत करते हुए गांव के ही अरुण पाल व विनय पाल के विरुद्ध जबरन कई बार दुष्कर्म करने व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।
रूरा थाने के इंस्पेक्टर समर बहादुर सिंह ने बताया कि अरुण पाल व विनय पाल के खिलाफ 374-D, 506 और 3(2) में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल भी कराया गया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।