किला क्षेत्र में जेई व एई के संरक्षण में अवैध निर्माण और कालोनियों का धंधा
किला क्षेत्र में जेई व एई के संरक्षण में अवैध निर्माण और कालोनियों का धंधा
राजनीति संरक्षण प्राप्त भू-माफिया लगातार कर रहे निर्माण, प्राधिकरण अधिकारी मौन
बरेली। शहर के किला क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और निर्माण का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। जानकारी के अनुसार, प्राधिकरण के जेई और एई की मिलीभगत के कारण भू-माफिया खुलकर अवैध निर्माण कर रहे हैं। तमाम शिकायतों के बावजूद प्राधिकरण अधिकारी कार्रवाई से कतरा रहे हैं, जिससे एक ओर राजस्व की हानि हो रही है और दूसरी ओर आम जनता ठगी का शिकार हो रही है। थाना किला क्षेत्र के लीची बाग में अवैध कॉलोनियां कट रही हैं। वहीं, अर्बन अस्पताल के परिसर में भी अवैध कॉलोनिया बनाई जा रही हैं। मिनी बाइक पास पर सरकारी जमीन पर एक अवैध दुकान बन रही है, जिसका कोई मान्य नक्शा या लेआउट पास नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्राधिकरण के अधिकारी इन निर्माणों पर नजर डालते हुए भी संरक्षण प्रदान कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, जेई व एई का कर्तव्य है कि किसी भी जगह अवैध निर्माण को होने से पहले ही रोका जाए। यदि इसे रोक दिया जाए तो भू-माफिया द्वारा आम जनता को ठगने और गरीबों की रकम हड़पने से बचा जा सकता है। हालांकि, हकीकत यह है कि पहले अधिकारी की मिलीभगत से निर्माण कराया जाता है, और जब ऊंची जांच बैठती है तो बाद में कार्रवाई के लिए मजबूर किया जाता है।
मुख्यमंत्री के आदेशों के अनुसार भू-माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन किला क्षेत्र में जेई व एई अब तक अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरत रहे हैं। अब देखने वाली बात यह है कि प्राधिकरण के अधिकारी इन अवैध निर्माणों पर कोई ठोस कदम उठाएंगे या मामले को ठंडा बस्ती की तरह नजरअंदाज कर देंगे।