चोरी छिपे कर रहे थे अंतिम संस्कार की तैयारी, पहुँच गई पुलिस
बरेली। सुभाष नगर में एक ठेकेदार ने गुपचुप तरीके से शव के अंतिम संस्कार का प्रयास किया. हालांकि मौके पर पहुंची मृतक की भांजी ने अंतिम संस्कार होने से रोक दिया और मामले की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने शव को जब्त कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। सुभाष नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेश नगर का है. 48 वर्षीय राजकुमार बिजली फिटिंग का कार्य करते थे और अपनी भांजी वीणा के घर मढ़ीनाथ इलाके में रहते थे. शनिवार दोपहर वीणा कश्यप को सूचना मिली कि कुछ लोग उसके मामा का अंतिम संस्कार करने गए हैं. इसके बाद युवती अपने रिश्तेदारों संग सिटी श्मशान घाट पर पहुंची। वीणा ने बताया कि दो दिन पहले पड़ोस का ही रहने वाला ठेकेदार सुनील उसके मामा को बुलाकर ले गया था. जब वह देर रात तक घर वापस नहीं आए तो परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की. इसके बाद शनिवार को मोहल्ले वालों से सूचना मिली कि उनकी मौत हो गई है और कुछ लोग अंतिम संस्कार करने के लिए ले गए हैं. सूचना मिलने के बाद तत्काल परिजन श्मशान घाट पर पहुंचे.ठेकेदार पर हत्या का आरोपवीणा ने अंतिम संस्कार रोकते हुए तुरंत पुलिस को बुलाया. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वीणा ने ठेकेदार पर अपने मामा की हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने इस मामले में ठेकेदार सुनील के ऊपर मुकदमा भी दर्ज किया है. एसपी सिटी रवीन्द्र ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है. जांच के बाद दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा. मृतक की भांजी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा होगा।