छात्रों के बाद अब भिड़ गए कुलपति और रजिस्ट्रार
छात्रों के बाद अब भिड़ गए कुलपति और रजिस्ट्रार
रुहेलखंड विश्वविद्यालय बना जंग का अखाड़ा
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय इन दिनों जंग का अखाड़ा बना हुआ है। कैंपस से लेकर हास्टल तक छात्रों के झगड़े शांत नहीं हुए थे कि कुलपति प्रो. केपी सिंह और रजिस्ट्रार अजय कृष्ण यादव आपस में भिड़ गए हैं। गुस्साये कुलपति ने कुलसचिव की ओर से जारी तीनों आदेशों को रद्द कर दिया। इसकी रिपोर्ट शासन और गवर्नर को भेजी गई है। पूरे विश्वविद्यालय में इन दिनों उथलपुथल का माहौल है। जिसका सीधा असर विश्वविद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों पर पड़ रहा है।एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह और कुलसचिव अजय कृष्ण यादव के बीच शुरुआत से ही सामंजस्य नहीं है। कुलपति अपनी तानाशाही चलाना चाहते हैं तो कुलसचिव उनसे किसी मामले में दबने को तैयार नहीं है। सेवा विस्तार मिलने के बाद से कुलपति और कुलसचिव के बीच विरोधाभाष और बढ़ते जा रहे हैं। कुलसचिव की गैर मौजूदगी में की गई कुछ जांच समिति गठन का मामला हो या अन्य शासकीय पत्राचार वाद-विवाद के विषय बनते रहे हैं। इन सभी के बीच कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह ने कुलसचिव की ओर से शासन को लिखे गए तीन पत्रों को प्रभावहीन कर निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया है। कुलपति ने कहा है कि कुलसचिव अजय कृष्ण यादव ने कुलपति के बिना अनुमोदन अनुशंसा के 19 दिसंबर 2023, 23 दिसंबर 2023 और 29 फरवरी 2024 को लिखे पत्रों को अनुचित बताया है। कुलसचिव अजय कृष्ण यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुछ शिक्षक, अधिकारी नीतिगत एवं वित्तीय निर्णय संबंधी कुछ ऐसे आदेश जोकि बिना मेरे संज्ञान में लाए सीधे निर्गत कर रहे हैं। जबकि राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम के तहत कुलसचिव को विश्वविद्यालय के अधीन अभिलेखों को अभिप्रमाणित करने की शक्ति प्राप्त होती है। वह न्यायालय, शासन विभिन्न आयोग, समितियों के प्रति जवाबदेह है। इसके बाद भी कोई गलत आदेश निर्गत होता है तो इसकी जिम्मेदारी उनकी नहीं है। वहीं कुलपति का कहना है कि उन्होंने 29 नवंबर 2023 को पत्र जारी करके पहले भी निर्देशित किया है कि पत्राचार करने से पहले पत्रावली पर कुलपति का अनुमोदन जरूरी है। कुलपति ने कुलसचिव के द्वारा बिना अनुशंसा व अनुमोदन के लिखे सभी पत्रों को निरस्त कर दिया है। चेतावनी दी है कि बिना अनुशंसा और अनुमोदन के लिखे पत्र अब प्रभावहीन व विधि शून्य माने जाएंगे।