आर्थिक तंगी को मात देकर इरम और प्रतिज्ञा ने जीती मैराथन
आर्थिक तंगी को मात देकर इरम और प्रतिज्ञा ने जीती मैराथन
पीएम मोदी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में बेटियों ने दिखाया दमखम
बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित मैराथन में शहर की दो बेटियों ने आर्थिक तंगी को दरकिनार करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने हरी झंडी दिखाकर इस दौड़ का शुभारंभ किया। करीब आठ हजार प्रतिभागियों के बीच इरम और प्रतिज्ञा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैराथन का खिताब अपने नाम किया। दोनों बेटियों के पिता निजी नौकरी कर परिवार का खर्च चलाते हैं। घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद बेटियां अपने जुनून और लगन से आगे बढ़ रही हैं। रोजाना करीब चार किलोमीटर दूर से पैदल प्रशिक्षण लेने पहुंचती हैं। पिता का कहना है कि उनके पास बच्चियों को विशेष डाइट देने की सामर्थ्य नहीं है, लेकिन घर के सामान्य भोजन से ही बेटियां अपने सपनों को साकार करने की कोशिश कर रही है। अंतरराष्ट्रीय एथलीट व एनआईएस कोच अजय कश्यप पिछले 26 वर्षों से ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को नि:शुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं। वह करीब 130 बच्चों को सुबह-शाम नियमित अभ्यास कराते हैं और उनकी जरूरतों का भी ध्यान रखते हैं। अजय कश्यप का मानना है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी की प्रतिभा नष्ट नहीं होनी चाहिए। उनके प्रशिक्षण से अब तक हजारों बच्चे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके हैं और कई सरकारी नौकरियों में चयनित हो चुके हैं।