पेट्रोल डलवाने के बाद युवक ने दबाया सैल्फ, भड़क उठी आग
पेट्रोल डलवाने के बाद युवक ने दबाया सैल्फ, भड़क उठी आग
स्टॉफ की सूझबूझ से टल गया बड़ा हादसा
लगभग आधे घण्टे बाद पहुँची फायर ब्रिगेड
बरेली डेलापीर पेट्रोल पंप पर उस वक्त भगदड़ मच गई जब एक बाइक आग के हवाले हो गई। पेट्रोल पंप कर्मियों ने साहस दिखाते हुए अपनी जान पर खेल कर बाइक को दूर खींचा और बमुश्किल आग बुझाई। थोड़ी सी चूक होने पर बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगते ही बाइक सवार भाग गया। प्रेमनगर क्षेत्र में डेलापीर पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित सत्या फ्यूल सर्विस स्टेशन के नाम से इंडियन आयल का पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप प्रबंधक तुषार शर्मा ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक व्यक्ति बाइक से पेट्रोल डलवाने के लिए आया था। बाइक की टंकी से पेट्रोल टपक रहा था। पेट्रोल डालने के बाद जब तेल गिरता देखा तो सेल्समैन ने बाइक सवार से थोड़ी दूर स्थित मैकेनिक से बाइक की टंकी सही कराने को कहा। बताते हैं कि इतने में बाइक सवार ने सेल्फ लगा दिया। जिससे बाइक की टंकी में आग लग गई। उस वक्त बाइक पेट्रोल पंप की टंकी के पास ही थी। आग लगते ही चालक बाइक छोड़कर भाग खड़ा हुआ। आनन फानन में पेट्रोल पंप कर्मियों ने एक चेन के सहारे बाइक को खींचा और आग बुझाने वाले सिलेंडर से बमुश्किल आग बुझाई। बताते हैं कि सूचना के आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक आग को बुझाया जा चुका था। यदि पेट्रोल पंप कर्मी ऐन वक्त पर आग न बुझाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। बाइक सवार का पता नहीं चल सका है। नंबर के आधार पर मालिक को तलाश किया जा रहा है।